मनासा। नगर परिषद मनासा के फिल्टर प्लांट का शनिवार को एसडीएम द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पेयजल आपूर्ति व्यवस्था, स्वच्छता तथा तकनीकी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई।
एसडीएम ने जल शुद्धिकरण की संपूर्ण प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आम नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान जल निगम द्वारा फिल्टर प्लांट में पानी की गुणवत्ता की जांच भी की गई, जिसमें निर्धारित मानकों के अनुरूप परीक्षण किया गया। एसडीएम ने नियमित गुणवत्ता परीक्षण, समय-समय पर रखरखाव तथा निगरानी प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए, ताकि नगरवासियों को निरंतर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पेयजल आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।