खरगोन। शहर के मांगरुल रोड़ पर शनिवार से दो दिनी इज्तिमा का आगाज हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में पहुंचे तब्लीगी जमात और अकीदतमंदों का इस्तकबाल किया गया।
हाजी शमीम जिलानी ने बताया पिछले कई दिन से इज्तिमा की तैयारी की जा रही थी। शनिवार शाम से दो दिनी इज्तिमा की शुरुआत हुई। जिसमें नगर के हजारों अकीदमत शिरकत करने पहुंचे है। इज्तिमा में शामिल होने वाले लोगों के लिए ठहरने सहित उनके भोजन आदि की व्यवस्थाएं जुटाई गई है। नमाज के समय वजू के लिए असुविधा न हो इसके लिए करीब 500 अस्थायी नल कनेक्शन कराए है। फजर, जोहर, असर और मगरिब की नमाज के बाद तकरीर में दीन की बातें की गईं। युवाओं और बुजुर्गों से समाज में इस्लाम के सही किरदार पेश करने की अपील की गई। इस दीनी आयोजन का उद्देश्य मुसलमानों को दीन की राह पर चलते हुए अल्लाह की इबादत, दीन- दुखियों की मदद करने की सीख देना है। लोगों को ठंड से बचाने के लिए भी इंतजाम किए गए हैं। रविवार को इज्तिमा में महाराष्ट्र से भी दीनी संदेश देने के लिए वक्ता पहुंचेंगे। इज्तिमा में करीब 25 हजार लोगों की आवाजाही का अनुमान है। यहां मुस्लिम जमात के करीब एक हजार से अधिक वॉलिंटियर ही पॉर्किग, साफ-सफाई, भोजन सहित अन्य व्यवस्थाएं जुटा रहे है।
थाना प्रभारी बीएल मंडलोई ने बताया कि आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही को देखते हुए जिलेभर का बल सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात किया गया है। आला अधिकारी भी पेट्रोलिंग कर रहे है। ड्रोन कैमरों से भी निगरानी रखी जा रही है। यातायात बाधित न हो इसके लिए जगह-जगह पाइंट भी लगाए है।