खरगोन। जिले की ग्राम पंचायत बलवाड़ी अंतर्गत गुरुकृपा कॉलोनी में पेयजल की गंभीर समस्या सामने आई है। कॉलोनी के 200 से 250 परिवार इन दिनों गंदा और बदबूदार पानी पीने को मजबूर हैं, जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य संकट गहराता जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार कॉलोनी में ड्रेनेज लाइन और पेयजल पाइपलाइन अत्यंत पास-पास डाली गई है। ड्रेनेज लाइन में लीकेज और निकास की उचित व्यवस्था न होने के कारण गंदा पानी पेयजल लाइन में मिल रहा है, जिससे घरों तक पहुंचने वाला पानी दूषित हो गया है।
दूषित पानी के सेवन से क्षेत्र में वायरल फीवर, पेट दर्द, उल्टी-दस्त और त्वचा रोगों के मामले बढ़ रहे हैं। बच्चे और बुजुर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार ग्राम पंचायत और संबंधित विभागों को शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पेयजल और ड्रेनेज लाइनों को अलग किया जाए तथा शुद्ध पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था तत्काल की जाए।