रतलाम। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में जिले में विभिन्न सामाजिक, रचनात्मक और बौद्धिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ऊपरवाड़ा मंडल के ग्राम हनुमान पालिया में स्थित जगपाल हनुमान मंदिर से बस्ती क्षेत्र में भव्य कलश यात्रा निकाली गई।
यात्रा से पूर्व मंदिर परिसर में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ किया गया। इसके बाद गाजे-बाजे के साथ निकली यात्रा में बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं समाजजन शामिल हुए। महिलाओं द्वारा भजन गाए गए तथा मार्ग में घर-घर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। यात्रा मुख्य मार्गों व बस स्टैंड से होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।
हिंदू महासम्मेलन आयोजन समिति के अनुसार, कलश यात्रा के माध्यम से समाजजन को संघ के पंच परिवर्तन कार्यक्रम - कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक शिष्टाचार और स्वदेशी जीवनशैली कृ के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में सोहनगढ़, आकतवासा, गुर्जर अरणिया, हल्दुनी, बरगढ़, कंचनखेड़ी, ऊपरवाड़ा, हरियाखेड़ा सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में सर्व हिंदू समाज के लोग उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन का सहयोग भी आयोजन में सराहनीय रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संत श्री दिनेश जी व्यास, राष्ट्रीय स्वयंसेविका समिति से दीदी सोनाली सोलंकी तथा संघ के चरण सिंह (भाईसाहब) ने उपस्थित जनसमूह का मार्गदर्शन किया। अंत में भारत माता की आरती की गई तथा सभी उपस्थित जनों को भोजन प्रसादी वितरित कर कार्यक्रम का समापन किया गया।