प्रतापगढ़। जिला मुख्यालय पर रविवार को इंडियन नेशनल ऑटो चालक संघ का वार्षिक चुनाव शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। चुनाव का आयोजन बांसवाड़ा रोड स्थित वुडलैंड पार्क में किया गया। चुनाव प्रक्रिया चुनाव प्रभारी शहजाद की उपस्थिति में पूरी कराई गई।
चुनाव में कुल 103 टेंपो चालकों में से लगभग 99 प्रतिशत चालकों ने मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभाई। अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में लक्की टांक को 78 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी राधेश्याम बारोलिया को 17 मत मिले। इस पद पर 6 मत निरस्त घोषित किए गए। स्पष्ट बहुमत के साथ लक्की टांक अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए।
उपाध्यक्ष पद के चुनाव में राहुल जटिया ने 63 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी अनिल को 32 मत मिले, जबकि 8 मत निरस्त घोषित किए गए। उपाध्यक्ष पद पर कुल 100 मतों की गणना की गई।
चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण रही और कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष लक्की टांक एवं उपाध्यक्ष राहुल जटिया का जुलूस निकाला गया। जुलूस वुडलैंड पार्क से प्रारंभ होकर जीरो माइल चौराहा एवं गांधी चौराहा होते हुए टेंपो स्टैंड पहुंचा, जहां ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में टेंपो चालक एवं उनके समर्थक उपस्थित रहे। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सभी टेंपो चालकों का आभार व्यक्त किया। संघ की ओर से शीघ्र ही कार्यकारिणी का गठन कर शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई।