प्रतापगढ़। ग्रामीण भारत की अर्थव्यवस्था की रीढ़ मानी जाने वाली महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अस्तित्व की रक्षा को लेकर प्रतापगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी ने गांधी चौराहे पर सामूहिक उपवास एवं शांतिपूर्ण धरना आयोजित किया।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता मोहित भावसार ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार “मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान” के अंतर्गत यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपवास एवं धरना जिला कांग्रेस अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह राणावत के नेतृत्व में नगर परिषद कार्यालय के बाहर महात्मा गांधी चौराहे पर संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ की गई। इसके पश्चात कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर सत्य एवं अहिंसा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के समापन पर जिलाध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेताओं ने उपवास तोड़ा।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र की भाजपा सरकार पर मनरेगा योजना के नाम, स्वरूप एवं बजट में छेड़छाड़ कर इसे कमजोर करने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मनरेगा के मूल स्वरूप के साथ छेड़छाड़ बंद नहीं की गई, तो कांग्रेस पार्टी गांव-गांव जाकर भाजपा की कथित जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाएगी और आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।