भगवानपुरा। रविवार को नगर में सकल हिंदू समाज द्वारा भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कलश यात्रा से हुई, जिसमें छोटी-बड़ी बालिकाएं सिर पर कलश धारण कर शामिल हुईं। यात्रा में बड़ी संख्या में नगरवासी सहभागिता करते नजर आए।
हिंदू सम्मेलन का आयोजन शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में किया गया। इस अवसर पर विभिन्न समाजों के बुद्धिजीवियों, ग्राम पटेलों एवं वरिष्ठजनों का मंच पर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम को मुख्य वक्ता के रूप में प्रसिद्ध कथावाचक श्री हनुमान दास जी महाराज, जनजाति विभाग मालवा प्रांत के प्रमुख कैलाश अमलियार तथा जिला संयोजिका वर्षा भटोरे ने संबोधित किया। वक्ताओं ने सनातन धर्म के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज को एकजुट रहने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम का समापन भारत माता की आरती के साथ किया गया। इसके पश्चात उपस्थितजनों को कड़ी-खिचड़ी की प्रसादी वितरित की गई।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रखंड के प्रत्येक मंडल में हिंदू सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भारतीय संस्कृति, विचारधारा, राष्ट्रप्रेम और सनातन धर्म की रक्षा, साथ ही धर्मांतरण रोकने के लिए समाज को जागरूक करना है, ताकि हिंदू समाज अपनी जड़ों से जुड़ा रहे।
सम्मेलन में सकल हिंदू समाज के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।