चित्तौड़गढ़। स्थानीय इंदिरा गांधी स्टेडियम में शनिवार को 69वीं राष्ट्रीय विद्यालय स्तरीय अंडर-14 हैंडबॉल प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में राजस्थान ने जनरल चैंपियनशिप जीतकर गौरव हासिल किया। देश के विभिन्न राज्यों से आए लगभग 1050 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया और समापन के साथ चितौड़गढ़ से विदा हुए।
समापन समारोह में विजेता और उपविजेता टीमों को स्वर्ण और रजत पदक के साथ ट्रॉफी भी प्रदान की गई। मुख्य अतिथि विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि राजस्थान की यह जीत प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करेगी और नए खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर देगी। उन्होंने कहा कि सरकार प्रत्येक पंचायत स्तर पर खेल स्टेडियम विकसित कर रही है और अधूरी सुविधाओं वाले क्षेत्रों में भी प्राथमिकता के आधार पर खेल अधोसंरचना का विकास किया जाएगा।
विधायक आक्या ने खिलाड़ियों को जीत को आत्मसात करने और असफलताओं को भविष्य की सफलता की सीढ़ी बनाने का संदेश दिया। बेगूं विधायक सुरेश धाकड़ ने कहा कि छोटे गांव पारोली जैसी जगहों से निकली प्रतिभाओं ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले की पहचान बनाई है।
एसजीएफआई के ऑब्जर्वर लईक अहमद खान ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे राष्ट्रीय मानकों पर खरा बताया। कार्यक्रम में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद दशोरा ने स्वागत उद्बोधन दिया, जबकि आयोजन सचिव एवं जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) राजेंद्र कुमार शर्मा ने आभार व्यक्त किया। अपर जिला कलेक्टर प्रभा गौतम, यूआईटी सचिव कैलाश गुर्जर, शिक्षक संघ राष्ट्रीय के प्रदेशाध्यक्ष रमेश पुष्करणा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बेस्ट प्लेयर का खिताब गोविंद और स्नेहा को
राष्ट्रीय टूर्नामेंट में छात्र वर्ग में राजस्थान के गोविंद जाट और छात्रा वर्ग में हिमाचल प्रदेश की स्नेहा राजपूत को बेस्ट प्लेयर ऑफ़ द टूर्नामेंट का खिताब मिला। फाइनल मैच में स्नेहा के उत्कृष्ट प्रदर्शन को सभी ने सराहा, और विधायक आक्या ने उन्हें पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया।
विजेता टीम को नगद पुरस्कार
समापन समारोह में राउप्रावि आकोला के शारीरिक शिक्षक तिलकेश आचार्य ने विजेता राजस्थान की छात्र और छात्रा टीम को 11-11 हजार रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की। यह पुरस्कार विधायक आक्या द्वारा प्रदान किया गया।