देवरी खवासा। स्वामी विवेकानंद जी के जन्मदिवस के अवसर पर 12 जनवरी 2026 को शासकीय माध्यमिक विद्यालय एवं शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय देवरी खवासा में सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम अत्यंत हर्षाेल्लास और अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ अभिभावक, गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं दोनों विद्यालयों का शैक्षणिक और अशैक्षणिक स्टाफ बड़ी संख्या में उपस्थित रहा। सभी ने एक साथ सूर्य नमस्कार कर योग के प्रति अपनी आस्था और जागरूकता दिखाई।
अतिथियों और शिक्षकों ने विद्यार्थियों को योग और प्राणायाम के शारीरिक, मानसिक एवं आत्मिक लाभ के बारे में जानकारी दी। शिक्षकों ने स्वामी विवेकानंद जी के विचार साझा करते हुए कहा कि योग जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करता है।
विद्यालय परिसर योगमय वातावरण से परिपूर्ण रहा। उपस्थित अतिथियों ने इस आयोजन की सराहना की और कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम ने स्वामी विवेकानंद जी के संदेश “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक रुको मत” को सार्थक रूप में चरितार्थ किया और सभी को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने की प्रेरणा दी।