नीमच। प्रदेश के साथ-साथ सम्पूर्ण नीमच जिले में भी स्वामी विवेकानंद जी के जन्मदिवस को युवा दिवस के रूप में हर्षाेल्लास से मनाया गया। इस अवसर पर सोमवार को जिलेभर की सभी शिक्षण संस्थाओं एवं महाविद्यालयों में सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम का आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिकों सहित हजारों छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।
युवा दिवस के उपलक्ष्य में 12 जनवरी 2025 को जिला स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नीमच कैंट (सांदीपनि विद्यालय) परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का प्रातः 9रू30 बजे आकाशवाणी केंद्र से सीधा प्रसारण किया गया। राष्ट्रगान, वंदे मातरम्, स्वामी विवेकानंद जी की वाणी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश के प्रसारण के पश्चात सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम किया गया।
कार्यक्रम में विधायक दिलीपसिंह परिहार, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, विद्यालयों के प्राचार्य-शिक्षक, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। जिला क्रीड़ा अधिकारी सावित्री मालवीय एवं जिला योग प्रशिक्षक शबनम खान के नेतृत्व में सूर्य नमस्कार, योग एवं प्राणायाम कराया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यालय परिसर में स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा/चित्र पर माल्यार्पण किया।
योग व प्राणायाम से दिया स्वस्थ जीवन का संदेश-
सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में भोपाल से रेडियो प्रसारण के साथ विधायक, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं अन्य अधिकारियों सहित विद्यार्थियों ने कतारबद्ध होकर प्रार्थना मुद्रा, हस्तउत्सासन, पादहस्तासन, अश्वसंचालनासन, पर्वतासन, अष्टांग नमस्कार एवं भुजंगासन सहित सूर्य नमस्कार की 12 स्थितियों का अभ्यास किया। साथ ही अनुलोम-विलोम, भस्त्रिका एवं भ्रामरी प्राणायाम भी किया गया।
प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित-
इस अवसर पर एस.डी.एम. संजीव साहू, डिप्टी कलेक्टर पराग जैन, जिला शिक्षा अधिकारी एसएम मांगरिया, डी.पी.सी. दिलीप व्यास, पार्षदगण, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश दिया गया तथा स्वामी विवेकानंद जी के विचारों को आत्मसात करने की प्रेरणा मिली।