अरनोद। स्वामी विवेकानंद जयंती को युवा दिवस के रूप में मनाते हुए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अरनोद में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने भाषण एवं लघु नाटकों के माध्यम से स्वामी विवेकानंद के जीवन और विचारों पर प्रकाश डाला।
प्रधानाचार्य श्यामलाल गायरी ने बताया कि कार्यक्रम में उप-प्रधानाचार्य करतार सिंह, प्राध्यापक राधेश्याम चौधरी, मोहनलाल मीणा, श्यामलाल कुमावत, वरिष्ठ अध्यापक राजेंद्र टेलर, राजेंद्र कुमावत, हेमलता मीणा एवं जिप्सी स्टाइलिन ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन प्राध्यापक कन्हैयालाल मीणा ने किया।
कार्यक्रम के पश्चात विद्यार्थियों ने रैली के रूप में पुलिस थाना अरनोद का भ्रमण किया, जहां पुलिस अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। थानाधिकारी शिवलाल मीणा ने विद्यार्थियों को शपथ दिलाते हुए यातायात नियमों, साइबर अपराध एवं कानून संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दीं। इसके बाद विद्यार्थियों ने थाना परिसर की विभिन्न शाखाओं का अवलोकन कर पुलिस की कार्यप्रणाली को समझा।