नीमच। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के सेंट्रल ट्रेनिंग कॉलेज (सीटीसी), नीमच में 44 सप्ताह की कठोर एवं बुनियादी प्रशिक्षण अवधि पूर्ण करने के बाद 167 जवानों ने सोमवार को भव्य दीक्षांत समारोह में देश सेवा की शपथ ली।
सीआरपीएफ परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि सीआरपीएफ पूर्वाेत्तर जोन के विशेष महानिदेशक राजा श्रीवास्तव रहे। उन्होंने परेड की मार्च-पास्ट की सलामी ली और नवप्रशिक्षित जवानों को शुभकामनाएं दीं। जवानों को शपथ सीटीसी नीमच के कमांडेंट जितेंद्र कुमार गुप्ता ने दिलाई एवं आभार व्यक्त किया।
समारोह में सीआरपीएफ माउंट आबू आईजी दर्शन कुमार गोला एवं एमपी सेक्टर आईजी नीतू भट्टाचार्य भी मंचासीन रहे। परेड का नेतृत्व सहायक कमांडेंट मनोज कुमार ने किया।
आईजी दर्शन कुमार गोला ने कहा कि अत्यंत कठोर और अनुशासित प्रशिक्षण के बाद जवान देश सेवा के लिए तैयार हुए हैं। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ की जन्मस्थली नीमच में प्रशिक्षण प्राप्त करना प्रत्येक जवान के लिए गर्व और सौभाग्य की बात है।