नीमच। फोटो निर्वाचक नामावली के गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार सोमवार को कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष, नीमच में जिले के रोल प्रेक्षक आयुक्त-सह-संचालक, नगर तथा ग्राम निवेश श्रीकांत बनोट की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हिमांशु चंद्रा, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी बीएस कलेश, जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) उपस्थित रहे।
पीपीटी के माध्यम से दी गई प्रगति की जानकारी-
अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी कलेश ने विशेष गहन पुनरीक्षण- 2026 के अंतर्गत जिले में अब तक की गई कार्यवाही की जानकारी पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से रोल प्रेक्षक को दी। उन्होंने बताया कि गहन पुनरीक्षण से पूर्व जिले में 745 मतदान केंद्र थे, जो युक्तियुक्तकरण के बाद बढ़कर 819 हो गए हैं।
आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम अनुसार 23 दिसंबर 2025 से दावा-आपत्ति की प्रक्रिया जारी है। इसी दिन प्रत्येक मतदान केंद्र पर फोटो निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशन किया गया तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को फोटो रहित निर्वाचक नामावली की सीडी एवं फोटो सहित सूची की प्रति उपलब्ध कराई गई।
मतदाता आंकड़े-
प्रारूप प्रकाशन की स्थिति में जिले में पुरुष मतदाता 3,02,317, महिला मतदाता 2,92,141 एवं अन्य मतदाता 7 हैं। कुल मतदाता संख्या 5,94,465 तथा सर्विस वोटर 1,164 हैं। जिले का जेंडर रेश्यो 967 एवं ईपीआई रेश्यो 63.46 प्रतिशत है।
अपात्र मतदाताओं की छंटनी-
प्रारूप प्रकाशन के दौरान मृत 7,732, अनुपस्थित 3,968, स्थायी रूप से स्थानांतरित 12,201 तथा दोहरी प्रविष्टि के 1,036 मतदाताओं को सूची से पृथक किया गया है।
दस्तावेज सत्यापन व फॉर्म की स्थिति-
गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र 228 मनासा में 1,245, 229 नीमच में 3,715 तथा 230 जावद में 1,157 मतदाता ऐसे पाए गए, जिनकी मैपिंग वर्ष 2003 के बाद नहीं हुई थी। इन्हें आयोग द्वारा निर्धारित 12 दस्तावेजों में से कोई एक प्रस्तुत करने हेतु नोटिस जारी किए गए हैं। इन नोटिसों की सुनवाई विधानसभा स्तर पर प्रतिदिन की जा रही है। 11 जनवरी 2026 तक जिले में फॉर्म-6 के 2,944, फॉर्म-7 के 236 एवं फॉर्म-8 के 2,055 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनका नियमानुसार समय-सीमा में निराकरण किया जाएगा।
युवाओं को जोड़ने के निर्देश-
बैठक में रोल प्रेक्षक बनोट ने अब तक की गई कार्यवाही पर संतोष व्यक्त करते हुए 18दृ19 आयु वर्ग के नए मतदाताओं को जोड़ने तथा फॉर्म-6, 7 एवं 8 की संख्या बढ़ाने के लिए विधानसभा स्तर पर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।