चित्तौड़गढ़। विद्या भारती की योजनानुसार स्वामी विवेकानंद जयंती युवा दिवस के अवसर पर विद्या निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय द्वारा गांधीनगर क्षेत्र में भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सांवरलाल प्रजापत ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता बालुदास वैष्णव रहे, जबकि अध्यक्षता सत्यनारायण लक्षकार ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में सुनील कुमार राठी एवं मुकेश साहू उपस्थित रहे। मुख्य वक्ता बालुदास वैष्णव ने स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर आधारित प्रेरणादायी उद्बोधन दिया।
अतिथियों द्वारा पताका दिखाकर पथ संचलन का शुभारंभ किया गया। पथ संचलन विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर गांधीनगर के निर्धारित मार्गों से होता हुआ पुनः विद्यालय परिसर में सम्पन्न हुआ। मार्ग में अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों द्वारा स्थान-स्थान पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सहायक प्रधानाचार्य अनिल कुमार शर्मा ने आभार व्यक्त किया।