पोलायकलां। नगर के तहसील कार्यालय में कार्यरत एक कर्मचारी के व्यवहार को लेकर इन दिनों आम जनता और जनप्रतिनिधियों में नाराजगी देखी जा रही है। आरोप है कि तहसील कार्यालय में पदस्थ बाबू तुषार शर्मा द्वारा लोगों से अभद्र भाषा में बात की जाती है, जिससे नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वार्ड क्रमांक 8 के पार्षद प्रतिनिधि एवं पार्टी के अधिकृत बीएलओ विनोद मालवीय, नगर कांग्रेस अध्यक्ष नरेश दीक्षित और अर्जुन मालवीय ने बताया कि वे निर्वाचन से संबंधित जानकारी प्राप्त करने तहसील कार्यालय पहुँचे थे। उस समय तहसीलदार कार्यालय में मौजूद नहीं थे, इसलिए उन्होंने कर्मचारी तुषार शर्मा से जानकारी मांगी।
उनका आरोप है कि जानकारी मांगने पर कर्मचारी ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और धमकी भरे लहजे में कहा कि “ज्यादा नेतागिरी करोगे तो एसडीएम ऑफिस जाना पड़ेगा।” जब उन्होंने शांति से बात करने को कहा, तो कर्मचारी ने कथित तौर पर एफआईआर दर्ज करवाने और जेल भिजवाने की धमकी भी दी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में सवाल उठने लगे हैं कि यदि जनप्रतिनिधियों के साथ ऐसा व्यवहार हो सकता है, तो आम जनता की स्थिति क्या होगी? नागरिकों की मांग है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित कर्मचारी पर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी कार्यालयों में जनता को सम्मानपूर्वक सेवा मिल सके।