नीमच। जिले के जीरन तहसील अंतर्गत ग्राम बरकटी की वृद्ध महिला किसान गीता मीणा पति स्वर्गीय नारायण लाल मीणा ने खेत पर अवैध कब्जा, फसल नष्ट करने और जान से मारने की धमकियों का गंभीर आरोप लगाते हुए कलेक्टर नीमच को जनसुनवाई में आवेदन सौंपा है। पीड़िता के अनुसार खसरा नंबर 894 स्थित उनके खेत में पहले खड़ी जौ की फसल को कीटनाशक डालकर नष्ट किया गया और सिंचाई पाइप काट दी गई। शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर आरोपी कारू लाल मीणा, बापू लाल मीणा और सूरजमल मीणा ने पुनः बोई गई फसल को जोतकर जबरन गेहूं की बुवाई कर दी। विरोध करने पर महिला और उसके पुत्रों को धमकाया जा रहा है, जिससे परिवार मानसिक व आर्थिक रूप से प्रताड़ित है। पीड़िता ने प्रशासन से भूमि पर कब्जा दिलाने, आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।