नीमच। जिले के गांव दुदरसी स्थित शासकीय भूमि सर्वे नंबर 857 को अवैध रूप से बेचने, बुजुर्ग से धोखाधड़ी करने और भू-माफियाओं द्वारा अतिक्रमण किए जाने का मामला सामने आया है। हनुमान नगर निवासी जितेन्द्र परिहार ने जिला कलेक्टर नीमच को शिकायत आवेदन सौंपकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।आवेदन में बताया गया है कि अमृतलाल खारोल और मुकेश पाटीदार ने मिलीभगत कर सरकारी भूमि पर कब्जा कर लिया तथा उसे निजी बताकर बुजुर्ग विष्णु शर्मा को 5.64 लाख रुपये में बेच दिया गया। आरोप है कि इस दौरान पीड़ित को वास्तविक स्थिति से अनभिज्ञ रखा गया। वहीं जमीन बेचने के बावजूद अमृतलाल की पत्नी द्वारा स्वयं को असहाय किसान बताकर न्यायालय में वाद दायर कर ‘स्टे’ प्राप्त करने का भी आरोप लगाया गया है।शिकायतकर्ता ने प्रशासन से अवैध अतिक्रमण हटाने, सरकारी भूमि को मुक्त कराने, दोषियों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में एफआईआर दर्ज करने तथा भूमि का सीमांकन कर शासकीय भूमि का बोर्ड लगाए जाने की मांग की है।