पिपलियामंडी। कृषि उपज मंडी पिपलियामंडी के विकास एवं सुविधाओं के विस्तार को लेकर मंडी व्यापारी संघ ने प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं मल्हारगढ़ विधानसभा के विधायक श्री जगदीश देवड़ा से मुलाकात कर महत्वपूर्ण मांग रखी। मंडी व्यापारी संघ अध्यक्ष कृष्णा गुप्ता के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मंडी परिसर में प्रस्तावित हाईराइज शेड निर्माण कार्य को शीघ्र स्वीकृति दिलाने हेतु आवेदन सौंपा।
प्रतिवेदन के अनुसार मंडी परिसर के विस्तार यार्ड में 70 मीटर लंबाई के हाईराइज शेड का निर्माण प्रस्तावित है, जिसकी अनुमानित लागत 146.27 लाख रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही मंडी पिपलिया के एक्सटेंशन यार्ड में 60 मीटर लंबाई के एक अन्य हाईराइज शेड एवं सीमेंट कंक्रीट (सी.सी.) शेड के निर्माण का भी प्रस्ताव है, जिसकी अनुमानित लागत 111.04 लाख रुपये बताई गई है।
व्यापारी संघ ने बताया कि शेड निर्माण से मंडी में आने वाले किसानों एवं व्यापारियों को मौसम की मार से राहत मिलेगी, साथ ही नीलामी, भंडारण एवं लोडिंग-अनलोडिंग कार्यों में भी सुविधा होगी। इससे मंडी की कार्यक्षमता बढ़ेगी और व्यापारिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी।
डिप्टी सीएम श्री जगदीश देवड़ा ने व्यापारी संघ की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मंडी के विकास से क्षेत्र के किसानों और व्यापारियों दोनों को लाभ मिलेगा तथा आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर प्रस्ताव को आगे बढ़ाया जाएगा।
इस अवसर पर मंडी व्यापारी संघ अध्यक्ष कृष्णा गुप्ता के साथ व्यापारी प्रतिनिधि रुपचंद होतवानी, कैलाश गुप्ता, राजेश अग्रवाल एवं सुनील फरक्या सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।