नीमच। पशुपतिनाथ की पावन धरा मंदसौर में पोरवाल समाज के युवक-युवतियों की परिचय पुस्तिका “अनमोल रिश्ते” का भव्य विमोचन समारोह आगामी 15 जनवरी 2026, गुरुवार को प्रातः 11 बजे कुशाभाऊ ठाकरे ऑडिटोरियम, मंदसौर में आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर समाज में उत्साह का माहौल है और तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
इससे पूर्व पोरवाल छात्रावास, नीमच में समाज के वरिष्ठजनों की उपस्थिति में पुस्तिका का विधिवत पूजन कर भगवान गणेश का आह्वान किया गया। इस अवसर पर बंशीलाल धनोतिया, मुकेश पोरवाल, ओमप्रकाश चौधरी, मांगीलाल सेठिया, नरेन्द्र उदिया, रामगोपाल घाटिया, गोविंद डबकरा, सुनील डबकरा सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
अखिल भारतीय पोरवाल महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश पोरवाल, राष्ट्रीय महामंत्री मांगीलाल सेठिया एवं अखिल भारतीय पोरवाल युवा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेन्द्र उदिया ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि इस पुस्तिका में मध्यप्रदेश, राजस्थान, गुजरात एवं महाराष्ट्र के 1200 से अधिक युवक-युवतियों के बायोडाटा संकलित किए गए हैं। यह पहल समाज में वैवाहिक एवं पारिवारिक रिश्तों को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
उन्होंने बताया कि पंजीयनकर्ताओं को मंच से सम्मानित किया जाएगा तथा उनके माध्यम से प्रत्येक गांव एवं नगर तक पुस्तिका का वितरण किया जाएगा। यह घोषणा पूर्व में अखिल भारतीय पोरवाल युवा संगठन के राष्ट्रीय अधिवेशन (सीतामऊ) में की गई थी, जिसे अब मूर्त रूप दिया जा रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता
न्यायमूर्ति सुशील कुमार गुप्ता (पूर्व न्यायाधीश, मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय)
प्रमुख अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि
कार्यक्रम में बंशीलाल धनोतिया, मुकेश पोरवाल, जगदीश चौधरी, देवीलाल फरक्या, राजेन्द्र संघवी, गोविन्द डबकरा, आर.डी. मोदी, मांगीलाल सेठिया, नरेन्द्र उदिया सहित समाज के अनेक राष्ट्रीय, प्रदेश व जिला स्तर के गणमान्यजन उपस्थित रहेंगे।
समाज सेवा, एकता और संगठन को सशक्त करने के उद्देश्य से आयोजित यह समारोह पोरवाल समाज के लिए एक ऐतिहासिक पहल माना जा रहा है।