नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार अतिरिक्त कलेक्टर बीएस कलेश ने मंगलवार को कलेक्टोरेट स्थित विभिन्न विभागों के कार्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण कर अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कुल 52 अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।
एडीएम कलेश ने कलेक्टर कार्यालय कक्ष क्रमांक-26, उप संचालक कृषि, उद्यानिकी, आदिम जाति कल्याण, महिला एवं बाल विकास, श्रम, जिला पेंशन कार्यालय, भू-अभिलेख, अंत्यावसायी, मत्स्य, नगर एवं ग्राम निवेश, जिला रोजगार कार्यालय, जिला आबकारी कार्यालय तथा खाद्य विभाग के कार्यालयों का निरीक्षण कर उपस्थिति पंजी का अवलोकन किया। अनुपस्थित पाए गए अधिकारी-कर्मचारियों के नाम पंजी में दर्ज किए गए।
निरीक्षण के दौरान जिला रोजगार कार्यालय एवं जिला आबकारी कार्यालय में कोई भी अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित नहीं मिला और कार्यालयों पर ताला लगा पाया गया, जिस पर अतिरिक्त कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। वहीं कृषि एवं उद्यानिकी, श्रम, जिला योजना तथा सहकारिता कार्यालयों में सभी अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित पाए गए।
अनुपस्थिति का विवरण इस प्रकार रहा- मत्स्य विभाग में 3, कलेक्टर कार्यालय कक्ष क्रमांक-26 में 20, आदिम जाति कल्याण में 1, महिला एवं बाल विकास में 4, अंत्यावसायी में 2, जिला पेंशन कार्यालय में 2, भू-अभिलेख में 5, राज्य निर्वाचन कार्यालय में 3, परियोजना अधिकारी बाल विकास नीमच ग्रामीण में 8, नगर एवं ग्राम निवेश कार्यालय में 2 तथा खाद्य विभाग में 2 अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।
एडीएम कलेश ने सभी अनुपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर हिमांशु चंद्रा द्वारा पूर्व में सभी जिला अधिकारियों को पत्र जारी कर प्रातः 10 बजे कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए थे। कलेक्टर ने अनुपस्थित पाए गए सभी 52 अधिकारी-कर्मचारियों का एक-एक दिन का वेतन काटने के निर्देश भी संबंधित जिला अधिकारियों को दिए हैं।