खरगोन। कसरावद नगर में सोमवार को सर्व समाज के सहयोग से भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन श्रद्धा, उल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि, वार्ड प्रमुख, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मंचासीन रहे। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य सनातन संस्कृति का संरक्षण, सामाजिक समरसता को मजबूत करना एवं राष्ट्रभाव की भावना को जागृत करना रहा। सम्मेलन के पूर्व परंपरागत रूप से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। साथ ही घर-घर जाकर पीले चावल देकर नागरिकों को आमंत्रण दिया गया, जिससे पूरे नगर में उत्सव जैसा माहौल बन गया। कार्यक्रम के दौरान स्कूल के बच्चों द्वारा प्रस्तुत धार्मिक एवं सांस्कृतिक नाटकों ने मंच को रोमांचित कर दिया और दर्शक भावविभोर हो उठे।कार्यक्रम स्थल कन्या शाला ग्राउंड को दुल्हन की तरह सजाया गया था। आकर्षक झांकियों की प्रदर्शनी, सुंदर रंगोली एवं भव्य साज-सज्जा ने सम्मेलन की शोभा को और भी बढ़ा दिया। आयोजन को सफल बनाने में सभी कार्यकर्ताओं ने तन-मन-धन से सहयोग कर सराहनीय भूमिका निभाई।कार्यक्रम के अंत में भारत माता की आरती की गई, जिसके पश्चात जयघोष से वातावरण गूंज उठा। सुंदरकांड पाठ के साथ सम्मेलन का समापन हुआ।