नीमच। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने एवं पेयजल से संबंधित समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से संपूर्ण प्रदेश में प्रारंभ की गई जल सुनवाई के अंतर्गत मंगलवार, 13 जनवरी को नगरपालिका परिषद नीमच द्वारा नगर पालिका कार्यालय स्थित जलकल शाखा में जल सुनवाई का आयोजन किया गया।
यह आयोजन नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा के मार्गदर्शन एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया के नेतृत्व में संपन्न हुआ। जलकल सभापति छाया वीरेंद्र जायसवाल ने जलकल अधिकारियों के साथ बैठकर नागरिकों की पेयजल संबंधी समस्याएं सुनीं तथा जलकल अमले के साथ मौके पर जाकर समस्याओं का निराकरण कराया।
प्रथम जल सुनवाई में कुल 7 नागरिकों की समस्याएं प्राप्त हुईं, जिनका मौके पर समाधान किया गया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी बामनिया ने जानकारी देते हुए बताया कि इनमें पाइपलाइन लीकेज से संबंधित 5 शिकायतें, नल में पानी नहीं आने की 1 शिकायत एवं नल कनेक्शन की मांग से संबंधित 1 आवेदन शामिल था।
लीकेज से जुड़ी 5 शिकायतों में से 4 का तत्काल निराकरण कर दिया गया, जबकि एक शिकायत पर कार्य प्रगति पर है। वहीं, नल में पानी नहीं आने की शिकायत का मौके पर जाकर समाधान किया गया तथा नल कनेक्शन की मांग करने वाले आवेदक को विधिवत आवेदन प्रस्तुत कर कनेक्शन लेने की समझाइश दी गई।
जल सुनवाई के दौरान जलकल शाखा प्रभारी उपयंत्री अनु सोलंकी, केमिस्ट सुरेश पवार, नाथूलाल नागर एवं बीटीएल कंपनी के आकाश उपस्थित रहे। जलकल सभापति जायसवाल एवं उपयंत्री सोलंकी ने नपा अमले के साथ मौके पर पहुंचकर लीकेज सुधार कार्य कराया एवं नागरिकों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया।