नीमच। मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग मंत्रालय के आदेशानुसार नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से वार्ड क्रमांक 1 अंतर्गत रावण रुंडी में शिविर लगाकर संकल्प से समाधान अभियान की शुरुआत की गई।
शिविर में नियुक्त नगर पालिका कर्मचारियों द्वारा शासन की योजनाओं से वंचित पात्र हितग्राहियों के मौके पर आवेदन भरवाकर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की गई। नगर पालिका द्वारा जानकारी दी गई कि 14 जनवरी को भी वार्ड क्रमांक 1 रावण रुंडी में शिविर आयोजित किया जाएगा।
नगर पालिका परिषद नीमच की मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार नगर पालिका द्वारा पेंशन योजनाएं, पीएम स्वनिधि योजना, राशन कार्ड, पात्रता पर्ची, संबल योजना, कर्मकार कल्याण मंडल, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं लोक निर्माण विभाग से संबंधित योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को उपलब्ध कराने के लिए 13 जनवरी से वार्डवार शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि शिविरों का प्रथम चरण 12 जनवरी से 16 फरवरी तक संचालित किया जाएगा, जिसके अंतर्गत शहर के विभिन्न वार्डों में क्रमवार शिविर लगाकर हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ प्रदाय कराया जाएगा।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी बामनिया ने शासन की विभिन्न योजनाओं से वंचित पात्र हितग्राहियों से अपील की है कि वे संबंधित शिविर में उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रस्तुत करें तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।