चित्तौड़गढ़। जिले में मतदाता सूचियों के गहन परीक्षण पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) के अंतर्गत अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 14 फरवरी को किया जाएगा।
इस संबंध में मंगलवार को संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवल रमानी ने समिति कक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन एवं गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा कर समस्याओं के समाधान पर विचार किया गया।
संभागीय आयुक्त ने बताया कि गहन मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम में सभी राजनीतिक दल प्रारंभ से ही सक्रिय रूप से सहभागिता कर रहे हैं। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी लिंक के माध्यम से भी सभी को उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है, जिससे कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।
उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि यदि किसी प्रकार की शंका, आपत्ति अथवा सुझाव हों तो समय रहते अवगत कराएं, ताकि नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रभा गौतम ने जिले में गहन मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत अब तक किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक के दौरान संभागीय आयुक्त ने चित्तौड़गढ़ एवं बेगूं विधानसभा क्षेत्रों के तीन बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से भी चर्चा कर ड्राफ्ट प्रकाशन प्रक्रिया में उनकी भूमिका की जानकारी ली।
बैठक में उपखंड अधिकारी चित्तौड़गढ़ बीनू देवल सहित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।