पोलायकला। नगर पोलायकला में एसआईआर को लेकर आ रही समस्याओं के संबंध में मंगलवार को एक प्रतिनिधि मंडल ने डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी तहसीलदार अंकित पाटकर से मुलाकात की और उन्हें नागरिकों को हो रही परेशानियों से अवगत कराया।
इस पर प्रभारी तहसीलदार अंकित पाटकर ने स्पष्ट किया कि किसी भी मतदाता का नाम बिना सत्यापन के मतदाता सूची से नहीं काटा जाएगा। सभी नामों का वेरिफिकेशन बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के माध्यम से किया जाएगा और उसके बाद प्रमाणीकरण लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार कोई भी व्यक्ति कहीं से भी आपत्ति दर्ज करा सकता है, लेकिन उसका निराकरण करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसके लिए बीएलओ द्वारा दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। मतदाताओं को शपथपत्र देने की आवश्यकता नहीं है, केवल आधार कार्ड सहित आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर सत्यापन किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को वार्ड क्रमांक 8 के पार्षद प्रतिनिधि विनोद मालवीय, नगर कांग्रेस अध्यक्ष नरेश दीक्षित और अर्जुन मालवीय तहसील कार्यालय पहुंचे थे, लेकिन उन्हें संतोषजनक जानकारी नहीं मिल पाई थी। इसके बाद मंगलवार को प्रतिनिधि मंडल ने पुनः अधिकारियों से चर्चा की।
प्रभारी तहसीलदार ने सभी बीएलओ को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं और कर्मचारियों को चेतावनी दी है कि नागरिकों के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार न किया जाए, अन्यथा संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।