मनासा। मकर संक्रांति के पावन पर्व पर देवरी खवासा में आयोजित होने वाले विश्व हिंदू सम्मेलन को लेकर गांव में उत्साह का माहौल बना हुआ है। इस भव्य आयोजन को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए युवा मित्र मंडल देवरी खवासा द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
युवा मित्र मंडल के सदस्यों ने बताया कि सम्मेलन में देवरी खवासा के साथ-साथ रायसिंगपुरा, खेड़ी, आकली सहित आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं हिंदू समाज के लोग सहभागिता करेंगे। आयोजन को लेकर गांव में साफ-सफाई, बैठक व्यवस्था, स्वागत एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
यह कार्यक्रम दोपहर 1 बजे प्रारंभ होगा, जिसमें विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके पश्चात शाम 4 बजे सामूहिक स्नेह भोज के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।
मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर आयोजित विश्व हिंदू सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने हेतु युवा मित्र मंडल द्वारा समस्त ग्रामवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई है। मंडल के सदस्यों का कहना है कि यह सम्मेलन सामाजिक एकता, सांस्कृतिक चेतना एवं हिंदू समाज के संगठित स्वरूप का सशक्त प्रतीक बनेगा।