देवास। मकर संक्रांति पर्व को देखते हुए देवास में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में कोतवाली थाना पुलिस एवं तहसीलदार की संयुक्त टीम ने चाइनीज़ मांझा बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
कार्यवाही के दौरान कोतवाली थाना प्रभारी श्याम चंद्र शर्मा, तहसीलदार सपना शर्मा सहित पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित चाइनीज़ मांझा जब्त किया।
तहसीलदार सपना शर्मा ने बताया कि कलेक्टर महोदय के निर्देशन में लगातार शहर में चाइनीज़ मांझा बेचने वालों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। चाइनीज़ मांझा आम जनता और पक्षियों के लिए बेहद खतरनाक है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे चाइनीज़ मांझे का उपयोग न करें, स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।
वहीं थाना प्रभारी श्याम चंद्र शर्मा ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में लगातार कार्रवाई की जा रही है। आज नई आबादी क्षेत्र स्थित एक दुकान से चाइनीज़ मांझा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा शहर के अन्य क्षेत्रों से भी चाइनीज़ मांझे के सात गट्टे जब्त कर एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मकर संक्रांति के दौरान चाइनीज़ मांझा बेचने या उपयोग करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।