नीमच। जिले के कोटवारों ने वर्दी सामग्री और वेतन विसंगति को लेकर अपनी मांगों को मजबूती से उठाया है। मप्र आज़ाद कोटवार कर्मचारी संघ की तहसील नीमच और नीमच नगर इकाई के कोटवारों ने विधायक दिलीप सिंह परिहार को ज्ञापन सौंपकर कोटवारों को हो रहे आर्थिक नुकसान से अवगत कराया।
संघ ने बताया कि पूर्व में कोटवारों को वर्दी एवं सामग्री हेतु 6200 प्रतिवर्ष की राशि सीधे बैंक खातों में दी जाती थी, लेकिन वर्तमान में घटिया गुणवत्ता की तैयार वर्दी वितरित की जा रही है, जो पूरी तरह अनुपयोगी है। इससे कोटवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वेतन को लेकर भी गंभीर असमानता सामने आई है। शासन के आदेश के अनुसार राज्य के अधिकांश जिलों और नीमच की रामपुरा तहसील में कोटवारों को 9000 प्रतिमाह वेतन और प्रतिवर्ष 500 की वृद्धि दी जा रही है, जबकि नीमच नगर व ग्रामीण तहसीलों में अभी भी 8000 से 8500 प्रतिमाह वेतन ही दिया जा रहा है। संघ ने इसे शासनादेशों का खुला उल्लंघन बताया।
संघ ने मांग की है कि जिले के सभी कोटवारों को समान वेतन 9000 प्रतिमाह दिया जाए। प्रतिवर्ष 500 की वृद्धि तत्काल लागू की जाए। बकाया एरियर का शीघ्र भुगतान कराया जाए। वर्दी सामग्री की राशि पुनः सीधे बैंक खातों में स्थानांतरित की जाए।
कोटवार कर्मचारी संघ की मांग पर ध्यान देते हुए विधायक दिलीपसिंह परिहार ने तुरंत जिलाधीश से इस विषय पर चर्चा की और संबंधित विभाग के सामने इसे प्रभावी रूप से रखकर शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया।