रतनगढ़़। नीमच जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व एवं रतनगढ़ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के मार्गदर्शन में बुधवार को “मनरेगा बचेगा तो गरीब बचेगा” पदयात्रा का शुभारंभ प्रातः 9 बजे रतनगढ़ बस स्टैंड से किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं वरिष्ठ नेताओं द्वारा महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। इसके पश्चात पदयात्रा में शामिल वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज झरिया का रतनगढ़ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शंभु चारण, वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं द्वारा साफा एवं माला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया।
पदयात्रा में जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं आमजन शामिल हुए। इस दौरान कांग्रेस जिंदाबाद, राहुल गांधी जिंदाबाद, जीतू पटवारी जिंदाबाद तथा मनरेगा बचेगा तो गरीब बचेगा के नारों से क्षेत्र गूंज उठा। ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ पदयात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं एवं जनता में उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह के उत्साह से क्षेत्र में परिवर्तन की लहर महसूस की गई।