शाजापुर। ग्राम प्रतापपुरा में नौ दिनों से चल रही संगीत मय श्रीरामकथा का भव्य समापन रावण वध एवं भगवान श्रीराम के राजतिलक प्रसंग के साथ श्रद्धा और उल्लासपूर्वक संपन्न हुआ। प्रसिद्ध रामकथा वाचक, हंस दास मठ सीहोर के महंत 1008 पंडित हरिराम दास जी के ओजस्वी एवं भावपूर्ण मुखारविंद से प्रतापपुरा सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों के हजारों श्रद्धालुओं ने कथा का रसपान किया।
रामकथा के अंतिम दिवस कथा श्रवण हेतु कालापीपल नगर परिषद पानखेड़ी की पार्षद अनिता भगवत राजपूत, जिला पंचायत सदस्य मनोहर सिंह बघेला, पूर्व जिला उपाध्यक्ष रायसिंह मेवाड़ा ग्राम पंचायत प्रतापपुर एवं नांदनी के सरपंच सहित कालापीपल विधानसभा क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कथा समापन के उपरांत सभी जनप्रतिनिधियों द्वारा महंत 1008 पंडित हरिराम दास जी का पुष्पहार एवं शॉल भेंट कर सम्मान किया गया। इसके पश्चात भव्य महाआरती संपन्न हुई तथा महाप्रसादी भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में भक्तजनों ने प्रसादी ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
रामकथा आयोजन से संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा और ग्रामवासियों में आध्यात्मिक उत्साह एवं सामाजिक समरसता का भाव दृष्टिगोचर हुआ।