मुरैना। जिले के लिए आज का दिन स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि लेकर आया है। जनसेवा और मानव जीवन की रक्षा के उद्देश्य से वेंटिलेटर युक्त अत्याधुनिक एम्बुलेंस जिले को समर्पित की गई है।
यह एम्बुलेंस मंशापूर्ण मनकामेश्वर महादेव मंदिर परमार्थ लोक न्यास, जौरा द्वारा आमजन की सेवा के लिए उपलब्ध कराई गई है। उल्लेखनीय है कि मुरैना जिले में अब तक वेंटिलेटर युक्त एम्बुलेंस की सुविधा उपलब्ध नहीं थी।
भारतीय स्टेट बैंक के सहयोग से जिले को यह अत्यंत आवश्यक और जीवनरक्षक सुविधा पहली बार प्राप्त हुई है, जो गंभीर रोगियों एवं आपातकालीन मरीजों के लिए वरदान सिद्ध होगी।
इस अत्याधुनिक एम्बुलेंस का लोकार्पण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सर्वाेच्च न्यायालय के न्यायाधीश एवं मनकामेश्वर ट्रस्ट के संरक्षक, माननीय न्यायमूर्ति जितेंद्र कुमार महेश्वरी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
यह एम्बुलेंस आनंद धाम, मुरैना से संचालित की जाएगी, जिससे मुरैना जिले सहित आसपास के क्षेत्रों में त्वरित एवं उन्नत आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
विशेष रूप से यह सुविधा जिले के आर्थिक रूप से कमजोर एवं निम्न आय वर्ग के नागरिकों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी, जिन्हें अब गंभीर अवस्था में समय पर बेहतर चिकित्सा सहायता मिल सकेगी।