निंबाहेड़ा। राजस्थान सरकार के पूर्व सहकारिता मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता उदयलाल आंजना की अनुशंसा पर ग्राम पंचायत फलवा के सरपंच भोपराज टांक को निंबाहेड़ा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोविन्दसिंह डोटासरा की सहमति से संगठन महासचिव ललित तुनवाल द्वारा नियुक्ति पत्र जारी किया किया गया। पार्टी संगठन में लंबे समय से सक्रिय भोपराज टांक को संगठनात्मक कार्यों एवं पंचायत राज के क्षेत्र में कार्य करने का लंबा अनुभव है। सरपंच के रूप में उन्होंने ग्राम पंचायत फलवा में विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ आमजन की समस्याओं के समाधान हेतु निरंतर प्रयास किए हैं।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संपत धाकड़, नगर कांग्रेस अध्यक्ष बंशीलाल राईवाल, मंडल अध्यक्ष पिंकेश जैन, जीवन आंजना, सूर्य प्रताप सिंह, आजाद बापूलाल जाट, कमलेश धाकड़, विक्रम अहीर सहित कांग्रेसजनों ने भोपराज टांक को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ आगामी राजनीतिक चुनौतियों में पार्टी को मजबूती प्रदान करेंगे। नव नियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष भोपराज टांक ने पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना, जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोदसिंह सिसोदिया सहित शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने जो विश्वास उन पर जताया है वे उस पर खरा उतरने का पूर्ण प्रयास करेंगे तथा संगठन को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य करेंगे।