चित्तौड़गढ़। आकोला थाना पुलिस ने नकबजनी की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गई मारुति 800 कार, दो कार बैटरियां बरामद की हैं, वहीं घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि संपत्ति संबंधी अपराधों में लिप्त अपराधियों की धरपकड़ एवं माल बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह के सुपरविजन एवं डीवाईएसपी हरजीलाल के निर्देशन में थानाधिकारी आकोला लक्ष्मणसिंह चुण्डावत (पु.नि.) के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस के अनुसार 6 जनवरी की रात जवाहर नगर, आकोला स्थित एक गैराज का अज्ञात बदमाशों ने ताला तोड़ दिया था। बदमाश गैराज में खड़ी ग्राहक की मारुति 800 कार, दो कार बैटरियां, दो पिलर सेटिंग, एक सादी पिलर तथा दो गैस सिलेंडर चोरी कर ले गए थे। इस संबंध में प्रकरण दर्ज कर पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ की गई।

जांच के दौरान घटना में संलिप्त आरोपी मुराद शाह पिता रज्जाक शाह, उम्र 27 वर्ष, निवासी निकुंभ (हाल निवासी हुसैनी चौक, मोमिन मोहल्ला, डूंगला) को 10 जनवरी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी गई मारुति 800 कार, दो कार बैटरियां तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस द्वारा मामले में आगे की जांच जारी है।
