नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा शहर में अवैध निर्माण एवं अतिक्रमण के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को बगीचा नंबर-21 की भूमि पर बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण को लेकर नगर पालिका की टीम ने त्वरित कार्रवाई की।
मौके पर पहुंची नगर पालिका टीम ने निर्माण कार्य तत्काल रुकवाते हुए निर्माण सामग्री जब्त की तथा संबंधित निर्माणकर्ताओं को कड़ी हिदायत दी।
इस संबंध में विनोबा गंज निवासी सामाजिक कार्यकर्ता संजय गोहर द्वारा कलेक्टर कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत किया गया था। आवेदन में आरोप लगाया गया था कि दशरथ धाकड़ द्वारा बिना वैधानिक अनुमति एवं आवश्यक व्यवस्थापन के बगीचा नंबर-21 की भूमि पर अवैध निर्माण कार्य किया जा रहा है। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया कि करीब एक वर्ष पूर्व भी बगीचा नंबर-21 को सुरक्षित रखने के लिए प्रशासन को अवगत कराया गया था, किंतु उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
आवेदक द्वारा सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत जानकारी प्राप्त किए जाने के बाद यह मामला पुनः प्रशासन के संज्ञान में आया, जिस पर नगर पालिका ने कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य रुकवाया।
इस संबंध में नगर पालिका सीएमओ दुर्गा बामनिया ने बताया कि बिना अनुमति निर्माण की शिकायत प्राप्त हुई थी। जांच के बाद मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण कार्य को तत्काल रुकवाया गया तथा निर्माण सामग्री जब्त की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर क्षेत्र में अवैध निर्माण अथवा अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।