नीमच। शहर के दोनों ओर बहने वाले नालों से अवैध रूप से विद्युत मोटर लगाकर खेतों में सब्जियों एवं फसलों की सिंचाई किए जाने की शिकायत पर नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा सख्त कार्रवाई की गई। मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया के नेतृत्व में जलकल विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए पांच विद्युत मोटर जब्त कीं।
बुधवार 14 जनवरी को सीएमओ दुर्गा बामनिया जलकल विभाग के नाथूलाल नागर, कचरूलाल राठौर, मोहम्मद सलीम सहित अन्य कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान महु रोड स्थित माधोपुरी बालाजी के पीछे प्राइवेट बस स्टैंड के पास नाले से अवैध रूप से खेतों में सिंचाई करते हुए दो विद्युत मोटर जब्त की गईं।
इसी प्रकार रोडवेज बस स्टैंड के पास मुक्तिधाम नाले से सब्जियों की अवैध सिंचाई करते हुए एक विद्युत मोटर तथा शहाबुद्दीन बाबा रोड स्थित सिटी पुलिया के पास नाले से अवैध सिंचाई करते हुए दो विद्युत मोटर जब्त की गईं।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने बताया कि कुछ व्यक्तियों द्वारा अनाधिकृत रूप से नालों के गंदे पानी से सब्जियों एवं फसलों की सिंचाई की जा रही थी। शिकायत प्राप्त होने पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।