शाजापुर। झारखंड राज्य के रांची जिले के पूर्वी थाना क्षेत्र स्थित मल्हार टोली निवासी दो नाबालिग बच्चे आशा (उम्र 5 वर्ष) एवं अंशिका (उम्र 4 वर्ष) दिनांक 9 जनवरी 2026 से लापता हैं। इस संबंध में झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष को अवगत कराया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, शाजापुर के अध्यक्ष आनंद कुमार तिवारी के निर्देशानुसार जिले के अर्ध-कानूनी स्वयंसेवक (पैरालीगल वॉलंटियर्स), जन साहस टीम तथा स्थानीय गैर-सरकारी संगठनों द्वारा बच्चों की तलाश में सक्रिय सहयोग किया जा रहा है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नमिता बौरासी ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को इन बच्चों के संबंध में कोई भी जानकारी प्राप्त हो, तो तत्काल जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शाजापुर, संबंधित अधिकारियों, जिला प्रशासन अथवा पुलिस अधीक्षक कार्यालय को सूचित करें।
प्रशासन, पुलिस एवं स्वयंसेवक मिलकर बच्चों की सुरक्षित एवं शीघ्र वापसी सुनिश्चित करने हेतु निरंतर प्रयास कर रहे हैं। साथ ही नागरिकों से भी सतर्क रहने एवं पुलिस व प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील की गई है।