नीमच। मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के आदेशानुसार नगर पालिका परिषद नीमच ने शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुँचाने के उद्देश्य से “संकल्प से समाधान” अभियान की शुरुआत की। यह अभियान वार्ड क्रमांक 1 के अंतर्गत आने वाले रावण रुंडी से शुरू किया गया, जहां शिविर लगाकर हितग्राहियों के आवेदन मौके पर भरवाए गए और शासन की योजनाओं का लाभ दिलवाने हेतु कार्रवाई प्रारंभ की गई। शिविर 15 जनवरी से 20 जनवरी तक, अवकाश के दिन को छोड़कर, पिपली चौक पर लगाया जाएगा।
नगर पालिका परिषद नीमच की मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने बताया कि शासन के आदेशानुसार नगर पालिका द्वारा पेंशन योजना, पीएम स्वनिधि योजना, राशन कार्ड, पात्रता पर्ची, संबल योजना, कर्मकार कल्याण मंडल, प्रधानमंत्री आवास तथा लोक निर्माण से संबंधित योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को उपलब्ध करवाने हेतु 13 जनवरी से वार्ड-वार शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
शिविर का प्रथम चरण 12 जनवरी से 16 फरवरी तक चलेगा, जिसके अंतर्गत शहर के विभिन्न वार्डों में शिविर लगाकर हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा।
बामनिया ने पात्र हितग्राहियों से अनुरोध किया है कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर शासन की योजनाओं का लाभ अवश्य प्राप्त करें।