प्रतापगढ़। शहर के किला परिसर क्षेत्र से लापता हुई बालिका यशस्वी को प्रतापगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की इस तत्परता और बेहतर समन्वय की परिजनों व आमजन ने सराहना की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बालिका यशस्वी 14 जनवरी की शाम साइकिल लेकर दूध लेने के लिए घर से निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा एवं वृत्ताधिकारी गजेंद्र सिंह राव के निर्देशन में जिलेभर में तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
150 से अधिक सीसीटीवी खंगाले, अंतरराज्यीय अलर्ट जारी-
पुलिस टीमों ने प्रतापगढ़, हथुनिया, अरनोद, सालमगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि बालिका प्रतापगढ़ बस स्टैंड से मंदसौर जाने वाली बस में सवार हुई थी।
इसके बाद वह मंदसौर से ट्रेन द्वारा आगे रवाना हुई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रतापगढ़ पुलिस ने मध्यप्रदेश के मंदसौर, नीमच, रतलाम, पिपलियामंडी सहित राजस्थान के चितौड़गढ़, भीलवाड़ा और कोटा जिलों की पुलिस को तत्काल सूचना देकर समन्वित तलाश शुरू कराई।
नीमच रेलवे स्टेशन पर सकुशल मिली बालिका-
साइबर सेल द्वारा लोकेशन ट्रैकिंग और पुलिस टीमों के बेहतर तालमेल के चलते नीमच रेलवे स्टेशन पर पुलिस टीम ने बालिका को सकुशल डिटेन कर लिया। इसके बाद बालिका को पुलिस संरक्षण में लेकर परिजनों से संपर्क कराया गया। फिलहाल बालिका अपने परिवार और पुलिस के साथ सुरक्षित है तथा उसे प्रतापगढ़ लाया जा रहा है।
परिजनों ने पुलिस को बताया फरिश्ता-
बालिका की सुरक्षित बरामदगी पर परिजनों ने राहत की सांस ली और प्रतापगढ़ पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए पुलिस को ‘फरिश्ता’ बताया।