दमोह। जिले में मकर संक्रांति के पावन पर्व पर प्रमुख तीर्थ स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही भक्तों ने पवित्र नदियों और तालाबों में स्नान कर मंदिरों में पूजा-अर्चना की, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक और आध्यात्मिक माहौल बना रहा।
प्रसिद्ध तीर्थ क्षेत्र जागेश्वर धाम बांदकपुर में सुबह 5 बजे मंदिर के पट खुलते ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। मंदिर प्रबंधक रामकृपाल पाठक के अनुसार, शाम तक यहां 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
शहर के जटाशंकर मंदिर में भी भगवान शिव के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मकर संक्रांति के अवसर पर यहां तीन दिवसीय मेले का आयोजन किया गया है, जिसमें भक्तजन पूजा-अर्चना के साथ मेले का भी आनंद ले रहे हैं।
इस वर्ष मकर संक्रांति का पर्व 15 जनवरी को मनाया जा रहा है, क्योंकि संक्रांति का शुभ मुहूर्त 14 जनवरी की रात्रि से प्रारंभ हुआ था। पर्व के दिन श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान कर तिल दान किया और भगवान का विधिवत पूजन किया।
इसके अलावा जिले के अन्य सभी प्रमुख तीर्थ स्थलों पर भी मेलों का आयोजन किया गया है, जहां दूर-दराज से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।