झाबुआ। संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संभाग के समस्त जिलों के कलेक्टर्स के साथ संकल्प से समाधान अभियान एवं विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 की समीक्षा बैठक आयोजित की।
बैठक में संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने शासन की मंशानुसार संकल्प से समाधान अभियान का प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान अंतर्गत चिन्हित 106 सेवाओं एवं योजनाओं के माध्यम से हितग्राहियों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण कर उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाए। साथ ही ब्लॉक स्तर पर आयोजित होने वाले शिविरों में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन अनिवार्य रूप से किए जाने के निर्देश भी दिए।
विशेष गहन पुनरीक्षण- 2026 की समीक्षा करते हुए संभागायुक्त ने नद-उंचचमक (अनमैप्ड) मतदाताओं को नोटिस जारी कर सुनवाई की कार्यवाही को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्लस्टर स्तर पर शिविर आयोजित कर सुनवाई की कार्यवाही पूर्ण करने, बीएलओ एवं बीएलए के सहयोग से सुनवाई प्रक्रिया को शीघ्र संपन्न कराने तथा लॉजिकल डिस्क्रीपेन्सी को समयानुसार निराकृत करने के निर्देश दिए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरांत कलेक्टर नेहा मीना ने संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत शिविरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रथम चरण में जिले की 375 ग्राम पंचायतों एवं 78 वार्डों में दल प्रभारियों द्वारा हितग्राहियों से आवेदन एकत्रित करने की कार्यवाही को सतत एवं प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी, संयुक्त कलेक्टर अक्षयसिंह मरकाम सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।