भगवानपुरा। जन शिक्षा केंद्र काबरी अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय रींगन्या फलिया में मंगलवार को द्वितीय वार्षिक उत्सव का आयोजन हर्षाेल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और ग्रामीणों का मन मोह लिया।
विद्यालय के बच्चों ने मध्यप्रदेश गान, म्हारो प्यारो निमाड़ पर आकर्षक नृत्य, हास्य नाटिका तथा पारंपरिक आदिवासी नृत्य प्रस्तुत किए। अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में पालक-शिक्षक संघ एवं बसाहट के नागरिकों की महत्वपूर्ण सहभागिता रही। समस्त व्यवस्थाओं में पालकों का भरपूर सहयोग प्राप्त हुआ। उल्लेखनीय है कि विद्यालय के शिक्षक ओंकार रावल एवं शिक्षिका शिवकन्या मोरे द्वारा ग्रामीणों से बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है, जिसके चलते पालकगण बच्चों की शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास में सक्रिय सहयोग कर रहे हैं। उत्सव के अवसर पर मजदूरी हेतु अन्य शहरों में गए कई पालक अवकाश लेकर गांव लौटे और कार्यक्रम में सहभागी बने।
शिक्षकों द्वारा किए गए नवाचारों के कारण विद्यालय में विद्यार्थियों की उपस्थिति शत-प्रतिशत बनी हुई है। विभागीय अधिकारियों ने भी शाला एवं शिक्षकों के कार्यों की सराहना करते हुए अन्य शिक्षकों को इससे प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच श्रीमती सिरकाबाई रेमसिंह किराडे ने की। मुख्य अतिथि मुरलीधर महाजन (विकासखंड शिक्षा अधिकारी) रहे। विशेष अतिथियों में राजेश कानूनगो (विकासखंड स्रोत समन्वयक), पूर्व विकासखंड शिक्षा अधिकारी सुमेरसिंह जाधव, पूर्व संकुल प्राचार्य शीतलसिंह दांगी, शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष घनश्याम मालवीय एवं जिला महिला सशक्तिकरण टीम शामिल रही।
कार्यक्रम का संचालन जनशिक्षक नंदकिशोर मालवीय ने किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि प्रकाश पवार, संकुल प्राचार्य जितेन्द्र वर्मा, एसएमसी अध्यक्ष रायसिंह, संकुल के शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष उपस्थित रहे।