छतरपुर। केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने गुरुवार को छतरपुर के हाई स्कूल चुरवारी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्कूल परिसर में प्रिंसिपल सहित पूरा स्टाफ उपस्थित था। निरीक्षण के दौरान, केंद्रीय मंत्री ने पिछले वर्ष निर्मित स्कूल भवन का बारीकी से जायजा लिया।
उन्हें दीवारों, प्लास्टर और निर्माण फिनिशिंग कार्य में खामियां मिलीं, जिस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। डॉ. वीरेंद्र कुमार ने मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को फोन पर मामले की जांच करने और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षण संस्थानों में निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। विभागीय स्तर पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।