नीमच। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत बाछड़ा समाज के उत्थान हेतु संचालित पंख अभियान और किशोर सशक्तीकरण कार्यक्रम के तहत शाला त्यागी बालिकाओं हेतु 12 सत्रों का क्रियान्वयन आगामी माह में नीमच, मनासा और रामपुरा में किया जाएगा।
इस दिशा में 40 चयनित बाल हितेषी पंचायतों की 70 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सेक्टर सुपरवाइजरों का गुरुवार को प्रशिक्षण संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास अधिकारी अंकिता पंड्या ने बाल हितैषी पंचायत विषय पर प्रतिभागियों को आवश्यक निर्देश दिए और स्वयं सहायता समूह निर्माण में कार्यकर्ताओं की भूमिका पर प्रकाश डाला।
जिला समन्वयक संदीप सिंह दीखित ने बाल संरक्षण, बाल अधिकार, जेंडर व लिंग, महिलाओं के साथ हिंसा और पितृसत्ता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम के अंतर्गत बाल विवाह रोकथाम और जागरूकता के 100-दिवसीय अभियान में सहयोग की शपथ भी दिलाई गई।