खरगोन। राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के राष्ट्रीय अधिवेशन 26, 27 एवं 28 फरवरी को अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद के स्मारक पर अखंड ज्योति दीपक प्रज्वलन के साथ किया जाएगा। इस आयोजन में देशभर के किसान जुटेंगे। आयोजन तैयारियों को लेकर जिले में भी बैठकों का दौर चल रहा है।
शुक्रवार को कृषि उपज मंडी में आयोजित बैठक में प्रांतीय पदाधिकारी गोपाल पाटीदार ने बताया यह देशभर में शहीद हुए वीरों की स्मृति में बारी-बारी से अखंड ज्योति तक दीपक प्रज्वलन किया जाएगा, जिससे आने वाली पीढ़ियों में बलिदान, संघर्ष और जागरूकता की भावना को जीवित रखा जा सके। पाटीदार ने बैठक में कहा कि केंद्र सरकार की आयात- निर्यात नीति किसानों को गुलामी की ओर धकेल रही है।
इस ऐतिहासिक अधिवेशन में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवकुमार काका के नेतृत्व में किसान, मजदूर एवं श्रमिक वर्ग के अधिकारों, समस्याओं और उनके स्थायी समाधान को लेकर गंभीर विचार-विमर्श किया जाएगा। बैठक के दौरान सभी ने अधिवेशन में शामिल होने के लिये गांव-गांव तक किसान एवं मजदूरों के बीच संगठन की आवाज पहुंचाने का संकल्प लिया।