देवास। नववर्ष में समाज को सुरक्षित और जागरूक बनाने की एक सराहनीय पहल के तहत नारायणा ई टेक्नो स्कूल के संचालक एवं स्कूली बच्चे कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। बच्चों ने कलेक्टर ऋतुराज सिंह से मुलाकात कर ट्राफिक नियमों को लेकर चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रमों पर चर्चा की।
इस दौरान मासूम बच्चों के बीच कलेक्टर सिंह ने बड़े ही सरल और आत्मीय अंदाज़ में ट्राफिक नियमों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों से संवाद करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। कलेक्टर ने बच्चों को स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ अपने घर-परिवार और आसपास के लोगों को भी ट्राफिक नियमों के प्रति जागरूक करने की समझाइश दी।
स्कूल संचालक ने बताया कि नववर्ष में नारायणा ई टेक्नो स्कूल द्वारा ट्राफिक नियमों को लेकर नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि समाज के हर वर्ग तक सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाया जा सके।
नन्हे बच्चों की यह पहल न केवल प्रेरणादायक रही, बल्कि यह संदेश भी दे गई कि अगर बचपन से ही जिम्मेदारी का बीज बोया जाए, तो आने वाला कल जरूर सुरक्षित होगा।