मुरैना। सदर बाजार में सौंदर्यकरण को लेकर चल रहा विवाद आज प्रशासनिक कार्रवाई में तब्दील हो गया। व्यापारियों और ठेला यूनियन के बीच हुए धरना-प्रदर्शन के बाद नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई शुरू कर दी।
शुक्रवार सुबह सदर बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण को लेकर व्यापारियों और ठेला यूनियन के बीच विवाद बढ़ गया। दोनों पक्ष आमने-सामने धरने पर बैठ गए, जिससे बाजार क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल के साथ नगर निगम प्रशासन पहुंचा। इसके बाद नगर निगम द्वारा पुल चौराहे से हनुमान चौराहे तक सड़क पर बनाए गए डिवाइडरों को हटाने के लिए जेसीबी मशीन चलवाई गई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर के सौंदर्यकरण कार्य में किसी भी प्रकार की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शुक्रवार रात करीब 10 बजे से डिवाइडर हटाने की कार्रवाई शुरू की गई, जो फिलहाल जारी है।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि सदर बाजार क्षेत्र में नियोजित सौंदर्यकरण कार्य किया जाएगा और जो भी अतिक्रमण विकास कार्य में बाधा बनेगा, उसे हटाया जाएगा। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। फिलहाल प्रशासन का दावा है कि सौंदर्यकरण का कार्य बिना किसी दबाव के आगे बढ़ाया जाएगा।