उज्जैन। मध्य प्रदेश के इंदौर में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले निर्णायक वनडे मैच से पहले भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली और कुलदीप यादव ने उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में माथा टेका। दोनों खिलाड़ी सुबह 4 बजे होने वाली प्रसिद्ध भस्म आरती में शामिल हुए और करीब दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर भगवान शिव की आराधना की।
इस दौरान विराट कोहली पारंपरिक वेशभूषा में मस्तक पर त्रिपुण्ड लगाए नजर आए। दर्शन के बाद कुलदीप यादव ने कहा कि उन्होंने खेल और जीवन में सफलता के लिए बाबा महाकाल का आशीर्वाद मांगा है। उनसे पहले कोच गौतम गंभीर और केएल राहुल भी जीत की प्रार्थना और भगवान के दर्शन करने मंदिर पहुंचे थे।
बता दें कि इंदौर में होने वाला एकदिवसीय मैच इस वनडे सीरीज का आखिरी और निर्णायक मुकाबला है। दोनों ही टीमें इससे पहले एक-एक मैच जीतकर बराबरी पर खड़ी है। ऐसे में इस मैच को जो भी टीम जीतेगी, वो अपने नाम सीरीज भी कर लेगी। हालांकि भारतीय क्रिकेट फैंस यह चाहेंगे कि टीम इंडिया ही इस मैच को जीते और एक बार फिर उन्हें खुशियां मनाने का मौका मिल सके। बहरहाल मैच कौन सी टीम जीतेगी, इसका फैसला तो रविवार को ही होगा।