प्रतापगढ़। राजस्थान पुलिस प्राथमिकता- 2026 के अंतर्गत पुलिस परिसरों में सामुदायिक सेवाओं के उन्नयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए रिजर्व पुलिस लाइन प्रतापगढ़ में पुस्तकालय (लाइब्रेरी) का शुभारंभ किया गया। पुस्तकालय का उद्घाटन जिला कलेक्टर अंजली राजोरिया एवं जिला पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ बी आदित्य द्वारा फीता काटकर किया गया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि पुलिस लाइन परिसर में पुस्तकालय की स्थापना एक सराहनीय कदम है, जिसका उद्देश्य पुलिस कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों, विशेषकर बच्चों को अध्ययन एवं ज्ञानवर्धन के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। यह पुस्तकालय न केवल पुस्तकों का संग्रह है, बल्कि ज्ञान, विचार और संस्कृति के आदान-प्रदान का एक महत्वपूर्ण केंद्र भी बनेगा।
पुस्तकालय से पुलिस कर्मियों के बच्चों को अध्ययन के लिए एक सशक्त संसाधन मिलेगा, जिससे वे अपने ज्ञान का विस्तार कर सकेंगे और अपने भविष्य के लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।
पुस्तकालय में आधुनिक तकनीकी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। यहां वाई-फाई कनेक्टिविटी के साथ कानून संबंधी पुस्तकें एवं अन्य ज्ञानवर्धक साहित्य उपलब्ध है। ऑनलाइन अध्ययन को बढ़ावा देने के लिए वाई-फाई सुविधा प्रदान की गई है, जिससे पुलिस कर्मियों के बच्चों को डिजिटल शिक्षा में भी सहयोग मिलेगा।
राजस्थान पुलिस की यह पहल पुलिस परिवारों के शैक्षणिक एवं बौद्धिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।