हरदा। जिले के रहटगांव स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय स्कूल में शनिवार तड़के उस वक्त बड़ा हंगामा हो गया, जब खराब भोजन और अव्यवस्थाओं से नाराज करीब 300 छात्र-छात्राएं हॉस्टल की दीवार फांदकर पैदल ही कलेक्टर से शिकायत करने निकल पड़े। छात्रों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से भोजन की गुणवत्ता खराब है और शिकायत करने पर उन्हें धमकाया जाता है।
भागने से पहले छात्रों ने स्कूल स्टाफ और शिक्षकों के आवासों को बाहर से कुंडी लगाकर बंद कर दिया। करीब 8 किलोमीटर पैदल चलने के बाद सोडलपुर में नेशनल हाईवे पर कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने उन्हें रोक लिया। कलेक्टर ने सड़क पर ही बैठकर छात्रों की समस्याएं सुनीं। करीब डेढ़ घंटे की समझाइश और जांच के आश्वासन के बाद छात्रों को बसों से वापस विद्यालय भेजा गया।
छात्रों की मांग- प्राचार्य को हटाया जाए
छात्र प्राचार्य सोनिया आनंद को हटाने की लिखित मांग पर अड़े रहे। उनका आरोप है कि प्राचार्य भोजन और नाश्ता ठीक नहीं देतीं और शिकायत करने पर स्कूल से निकालने की धमकी देती हैं। कुछ छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि प्राचार्य ताना मारते हुए कहती हैं- “आदिवासी क्या जानें काजू-बादाम का स्वाद।” आक्रोशित छात्र ‘प्राचार्य सोनिया आनंद हाय-हाय’ के नारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे।