मनासा। नगर में जीबीएस बीमारी से हड़कंप मचा हुआ है। इस बीमारी के चलते अब तक दो मासूमों की संदिग्ध मौत हो चुकी है। ऐसे में क्षेत्रीय सांसद सुधीर गुप्ता की ओर से पीड़ित परिवारों से मुलाकात या सांत्वना का कोई संदेश नहीं आया है। सांसद के इस मौन पर भाजपा के ही पार्षद प्रतिनिधि और कुशाभाऊ ठाकरे मंडल के सोशल मीडिया प्रभारी दिनेश राठौर ने सवाल उठाए हैं।
दिनेश राठौर ने आरोप लगाया कि दो मौतों के बावजूद सांसद सुधीर गुप्ता ने न तो पीड़ित परिवारों से संपर्क किया और न ही प्रशासन से इस मामले में कोई पहल की। राठौर ने कहा, “क्या सांसद मनासा संसदीय क्षेत्र से बाहर हैं, या उन्हें नगर की पीड़ा दिखाई नहीं दे रही?”
राठौर ने यह भी कहा कि इसी बीच पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन मनासा पहुंचीं, पीड़ित परिवारों से मिलीं, उन्हें ढांढस बंधाया और बीमारी की गंभीरता को लेकर प्रशासन से चर्चा भी की। पूर्व सांसद की सक्रियता और वर्तमान सांसद की चुप्पी की तुलना अब लोग करने लगे हैं।
उन्होंने कहा, “हमारे सांसद को फुर्सत नहीं है कि वे पीड़ित परिवारों से मिलें। सुधीर गुप्ता हमेशा से मनासा के साथ सौतेला व्यवहार करते आए हैं। विकास में सहयोग न करने की बात अलग है, लेकिन संकट की इस घड़ी में भी वे जनता के साथ खड़े नहीं हैं।”